बैठक में हंगामा करतीं महिला सभासद।
- फोटो : KHATIMA
नगर पालिका बोर्ड की बैठक में नगर की सफाई अव्यवस्था एवं बिना सभासदों की सहमति पर नगर पालिका के सफाई ठेकेदार को दिए गए भुगतान पर महिला सभासदों ने जमकर हंगामा काटा। उनका आरोप था कि नगरपालिका महिला सभासदों उपेक्षा कर रही है। बोर्ड की बैठक में आगामी मार्च तक कूड़ा उठाने एवं नगर की सफाई व्यवस्था का दायित्व मैसर्स सनसाइन इंटरप्राइजेज को देने तथा शापिंग कांपलेक्स की डीपीआर तैयार करने का प्रस्ताव पारित किया।
पालिकाध्यक्ष सोनी राणा की अध्यक्षता एवं ईओ धर्मानंद शर्मा के संचालन में संपन्न बोर्ड की बैठक में पुरानी तहसील कैंपस में आधुनिक शॉपिंग कांप्लेक्स निर्माण पर चर्चा हुई। ईओ ने कहा कि इस कार्य से नगरपालिका की आय में वृद्धि होगी। सभासदों ने डीपीआर तैयार करने का प्रस्ताव पारित कर दिया। सभासदों ने लिखित प्रस्ताव पारित कर डोर टू डोर कूड़ा उठाने एवं नगर की सफाई का दायित्व मार्च 2021 तक प्रकाश आर्य को सौंपा।
बैठक में असलम अंसारी, पावस गुप्ता, जेपी सिंह, विक्रम रौतेला, मुकेश कुमार, गोकुल ओली, अकबर हुसैन, नफीस अंसारी ने सब्जी मंडी से नालियों की सफाई का मामला उठाया। विधायक प्रतिनिधि रामू भारती ने नानकमत्ता विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा को बैठक की सूचना न देने, लंबे समय से कंटेनमेंट जोन में ड्यूटी दे रहे सफाई कर्मियों की बदली न होने पर नाराजगी व्यक्त की। सफाई कर्मचारियों का रोका वेतन तत्काल निर्गत कराने की मांग की।
सभासद ललिता कन्याल, संगीता राणा, खीमा देवी, शिखा भारती, शाहीन सुल्तान अंसारी, सितारा बेगम ने महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने सभासदों और कर्मचारियों का आभार जताते हुए नगर के विकास में हरसंभव सहायता की अपील की। बैठक में दीपक शुक्ला, विजय सिंह राणा आदि थे।