काशीपुर। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल हिंदी परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्वक हुई। सचल दल ने केंद्रों पर निरीक्षण करने में कहीं कोई खामियां नहीं पाई। हिंदी में 120 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। शनिवार को हाईस्कूल बोर्ड की हिंदी परीक्षा 15 केंद्रों पर हुई। हाईस्कूल हिंदी विषय परीक्षा में 3435 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे। इसमें से 3313 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 120 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थी घबराए थे लेकिन हिंदी का प्रश्नपत्र हाथ में आने से परीक्षार्थियों में डर खत्म हो गया। प्रश्नपत्र आसान होने पर परीक्षार्थियों ने समय से पहले ही प्रश्नपत्र हल कर लिया। कई परीक्षार्थियों ने सभी प्रश्नों को हल करने के बाद खुशी जताई। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं थी।
इसके चलते परीक्षार्थियों ने केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया। बीईओ अनिल कुमार ने बताया कि सचल दल ने तुलाराम राजाराम इंटर कॉलेज, हाईस्कूल ढकिया नंबर एक, किसान इंटर कॉलेज कुंडेश्वरी, जीआईसी प्रतापपुर केंद्र का निरीक्षण किया। फर्नीचर की कमी के चलते जीआईसी प्रतापपुर केंद्र में दरी पर बैठकर परीक्षार्थी परीक्षा देते मिले।
बाजपुर। उत्तराखंड माध्यमिक बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा ब्लॉक में शांतिपूर्वक हुई। हाईस्कूल की परीक्षा में शनिवार को 120 परीक्षार्थी अनुपस्थिति रहे। ब्लॉक क्षेत्र में 14 परीक्षा केंद्रों में कुल 3102 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे। इनमें से 2982 ने परीक्षा दी।
जीआईसी सुल्तानपुर पट्टी, जीजीआईसी सुल्तानपुर पट्टी में सर्वाधिक 17-17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि जीआईसी हरिपुरा हरसान में 14, इंटरमीडिएट कॉलेज बाजपुर, जीआईसी गजरौला में 12-12, जीआईसी बरहैनी, केलाखेड़ा में 11-11, जीजीआईसी बाजपुर में 8, जीआईसी बाजपुर गांव में 3, जीआईसी बन्नाखेड़ा में 7, राजकीय हाईस्कूल रेहटा, जीआईसी बेरिया दौलत में 1-1, राजकीय हाईस्कूल रामनगर में 6 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। ब्लॉक स्तरीय सचल दल टीम ने खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमा बिष्ट के निर्देशन में परीक्षा केंद्रों पर औचक छापेमारी की। मौके पर धर्मेंद्र बसेड़ा, धूमबहादुर चौहान, मुन्नी छवाण आदि थे।
सितारगंज। ब्लॉक के 15 परीक्षा केंद्रों में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई। हाईस्कूल में 2217 छात्र, 1937 छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन किया था। इसमें से 2017 छात्र, 1853 छात्राओं सहित कुल 3870 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं 200 छात्र, 84 छात्राएं अनुपस्थित रहे। खंड शिक्षाधिकारी गोपाल राम आर्य ने सभी केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षाओं का जायजा लिया। ब्यूरो