काशीपुर के जसपुर खुर्द में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। कमरे की खिड़की तोड़कर चोरों ने जेवर और 1.40 लाख की नकदी चोरी कर ली। आइटीआई थाना पुलिस को दी तहरीर में जसपुर खुर्द में बांसियोवाला मंदिर के पास रहने वाले मदनलाल ने कहा है कि तीन अगस्त को वह अपनी पत्नी नेमवती को साथ लेकर रक्षाबंधन मनाने के लिए अपनी ससुराल ग्राम जटपुरा, मुरादाबाद गया था।
शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे वह घर लौटा। जब वह अंदर गया तो संदूक में रखा सामान बिखरा हुआ था। इसके अलावा घर के श्रृंगारदान और बैग आदि में रखा सामान भी अस्त व्यस्त था। देखने पर संदूक में रखी सोने और चांदी की 14 वस्तुएं गायब थी।
मदनलाल ने बताया कि उसके घर में श्रृंगारदान के अलावा कपड़े की पोटली और बैग में करीब 1.40 लाख रुपये की नकदी रखी थी, जिसे चोर उड़ा ले गए। सूचना पर आईटीआई थाने से एसआई संतोष कुमार रोडियाल ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी जुटाई। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नही हो सका है।