सितारगंज। नयागांव में पीलिया और लिवर संबंधी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। रविवार को गांव में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में पीलिया के लक्षण वाले 22 मरीजों के रक्त सैंपल लिए गए। वहीं, एक बच्चे की स्थिति गंभीर होने पर उसे उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि शिविर में कुल 40 मरीजों की ओपीडी की गई। इनमें बड़ी संख्या में लोग बुखार, कमजोरी, भूख न लगना, आंखों, त्वचा में पीलापन और पेट संबंधी समस्याओं की शिकायत लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने पीलिया की आशंका वाले 22 मरीजों के रक्त नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा। रिपोर्ट आने के बाद आगे के उपचार और रोकथाम संबंधी कदम उठाए जाएंगे।
सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने ग्रामीणों से पानी को अच्छी तरह उबालकर और ठंडा करके पीने, खुले में रखे भोजन को खाने से बचने, बासी खाना और फास्ट फूड का सेवन न करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। साथ ही लोगों से हाथ धोने की आदत अपनाने और किसी भी व्यक्ति में पीलिया, लगातार बुखार, उल्टी, कमजोरी या आंखों में पीलापन जैसे लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को नयागांव में तीन स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
बता दें कि बीती तीन जून को नयागांव में पीलिया से ग्रसित एक बच्चे अल्तमस (10) पुत्र इश्तकार की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से बीमार करीब 10 बच्चों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा लिवर में सूजन और पीलिया जैसे लक्षणों के कारण कई अन्य बच्चों को भी उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया था।