रुद्रपुर। रक्तदान करने वाले दान दाताओं को अब रक्त के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। ब्लड बैंक में पंजीकृत दानदाताओं को पूरी तरह से निशुल्क ब्लड मुहैया कराया जाएगा। इस संबंध में बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. केके अग्रवाल ने ब्लड बैंक प्रभारी और संबंधितों की बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
ब्लड बैंक में खामियों को लेकर लंबे समय से सीएमओ को शिकायतें भी मिल रही थी। उन्होंने बैठक के दाैरान जिम्मेदारों पर नाराजगी जताते हुए किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही। इस दौरान सीएमओ ने ब्लड बैंक के सभी दस्तावेजों की मंगाकर जांच की।
उन्होंने हर माह रूपरेखा तैयार कर ब्लाक स्तर तक अभियान चला कर ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। ताकि ब्लड बैंक में किसी भी हाल में जरूरी ब्लड ग्रुप के ब्लड की कमी न हो और जरूरतमंदों को जरूरत के अनुसार ब्लड उपलब्ध हो सके।
बताया की पूर्व में ब्लड दान कर चुके दानदाताओं की सूची तैयार करने को भी कहा गया है। उन्हें ब्लड के लिए किसी तरह का शुल्क अदा नहीं करना होगा।