काशीपुर। बिना एग्रीगेटर लाइसेंस के प्राइवेट वाहन चालक ब्ला-ब्ला कार एप के जरिये सवारियां ढो रहे हैं। इसकी आड़ में वह मोटा मुनाफा कमा रहे हैं लेकिन राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। परिवहन विभाग ने करीब चार महीने में ऐसे 12 वाहन पकड़े हैं, जिनमें चार वाहन सीज किए हैं।
काशीपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में निजी वाहन चालक कार पूलिंग के लिए ब्ला-ब्ला एप का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके जरिये दिल्ली, देहरादून व अन्य यूपी क्षेत्र शहरों की सवारियां ढो रहे हैं। शहर में कुंडेश्वरी रोड, बाजपुर रोड, मुरादाबाद रोड पर टैक्सी स्टैंड बना रखे हैं, जहां कामर्शियल वाहन के साथ निजी गाड़ियां भी खड़ी होती हैं। ब्ला-ब्ला एप के जरिये एक शहर से दूसरे शहर जाने के लिए सवारियां सीट बुक करती हैं। यह सुविधा रात-दिन उपलब्ध है। खासकर, ट्रेन या एसी बस में सीट नहीं मिलने पर अधिकतर यात्री ब्ला-ब्ला एप पर बुकिंग करके ही अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं।
इस प्रकार वे वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करके मोटा मुनाफा कमा रहे हैं और राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। परिवहन विभाग ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, लेकिन पूर्ण रूप से इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है। अभी भी बड़ी संख्या में लोग इससे सफर कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली व अन्य शहरों को जाने वाले लोगों ने अपने निजी वाहनों को भी एप पर पंजीकृत कर रखा है। ऐसे में वह बुकिंग ओपन करके वाहनों से लोगों को यहां से वहां ले जाते हैं। जबकि अधिकतर इन वाहनों की फिटनेस नहीं रहती है। डग्गामारी से वाहनों का संचालन होता है। दुर्घटना होने की स्थिति में बीमा और दूसरे कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में काफी परेशानियां होती हैं।
कोट
ब्ला-ब्ला एप के माध्यम से भारी संख्या में गाड़ियां संचालित हो रही हैं। चेकिंग के दौरान अब तक 12 गाड़ियों का चालान किया जा चुका है। चार गाड़ियां सीज की गई हैं। ब्ला-ब्ला के लिए वाहन स्वामी को उत्तराखंड सरकार से लाइसेंस लेना होता है। जिन वाहन स्वामी के पास सरकार का लाइसेंस होगा, वह वाहन वैध हैं। क्षेत्र में अभी अवैध वाहन ही संचालित हो रहे हैं। -संदीप वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन काशीपुर