रुद्रपुर। भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई से लोगों में खुशी का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी करने के साथ एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
बुधवार को मेयर विकास शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ता बाटा चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने भारतीय सेना जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। मेयर शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने पूरी सूझबूझ और सटीक रणनीति का परिचय देकर बता दिया कि भारत अब गोली का जवाब मिसाइल से देने में पूरी तरह से सक्षम है। वहां पर देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, सुनील ठुकराल, प्रमोद शर्मा, हरजीत राठी, पारस चुघ, महेंद्र आर्या, राजन राठौर आदि थे।
भैरव सेना ने किया समर्थन
गदरपुर। आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई पर भैरव सेना संगठन के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ.आरके महाजन ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने एयर स्ट्राइक के माध्यम से आतंकियों को कड़ा सबक सिखाया है। सेना ने साबित किया है कि कोई भी बाहरी ताकत भारत का बाल बांका नहीं कर सकती है। वहां अमरीक सिंह, अमित ढींगरा, कुंवर सिंह, आशीष टम्टा, गोपाल कश्यप, कर्मचंद शर्मा, जय प्रकाश आदि मौजूद थे।
सेना की कार्रवाई का सैनिकों ने किया स्वागत
दिनेशपुर। पाकिस्तान के आतंकी कैंपों पर सैन्य कार्रवाई पर गौरव सेनानी वीर नारी उत्थान समिति ने स्वागत किया है। चक्कीमोड़ में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। समिति के अध्यक्ष कैप्टन धन सिंह कोरंगा ने कहा कि इस बार आर-पार की लड़ाई होनी चाहिए। अगर जरूरत पड़े तो सभी पूर्व सैनिक फिर से मोर्चे पर जाने को तैयार हैं। वहां पूर्व सूबेदार मेजर हिम्मत सिंह, सूबेदार मेजर नंदन सिंह कोश्यारी, लाल सिंह नयाल, दर्पण सिंह, महिपाल सिंह भगत सिंह धर्मसत्तू, कैलाश पाठक, दुर्गा सिंह राणा आदि मौजूद थे।