वार्ड नंबर सात में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस और सीआरपीएफ मौके पर पहुंची। सीआरपीएफ ने लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। कांग्रेसियों की शिकायत पर एक महिला के घर की तलाशी ली गई, अलबत्ता उसके घर से कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला है। इस दौरान पुलिस ने एक जिला पंचायत सदस्य को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड संख्या सात में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई है। सूचना पर कोतवाल चंचल शर्मा सीआरपीएफ व पुलिस की टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए। वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के लोगों पर वार्ड में शराब और रुपए बांटने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा के लोगों ने कांग्रेसियों पर शराब व रुपए बांटने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इस मौके पर भारी हंगामा और विवाद बढ़ता देख पुलिस व सीआरपीएफ ने यहां लाठियां फटकारी। मामला बढ़ने पर पुलिस यहां से जिला पंचायत सदस्य राम सिंह जेठी को कोतवाली उठाकर ले आए।
सीओ राजेश भट्ट ने कहा कि वार्ड संख्या सात में भारी भीड़ जमा थी। कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता एक दूसरे पर शराब बांटने का आरोप लगा रहे थे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य द्वारा हंगामा किया गया इसलिए उन्हें कोतवाली लाया गया है। उन्होंने बताया कि जेठी का मेडिकल भी कराया गया है।