काशीपुर। बेटी की दवा लेने जा रही बाइक सवार महिला व उसका पति सड़क हादसे में घायल हो गए। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि घायल पति का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में उनकी आठ साल की बेटी सकुशल है। रामनगर पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। घटना की अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
रामनगर के चिलकिया निवासी सोनू अपनी पत्नी ममता (32), बेटी राखी (8) के साथ सोमवार दोपहर मोहल्ला टांडा स्थित एक निजी अस्पताल में दवा लेने जा रहे थे। रामनगर रोड स्थित सती माता मंदिर के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पति-पत्नी घायल हो गए, जबकि बच्ची झाड़ियों में जा गिरी। इससे वह सुरक्षित बच गई।
घायल दपंती को राहगीरों की मदद से मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दोनों का इलाज चल रहा था। सोमवार की रात ममता ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में तीन बेटियां चंचल (12), माही (9) और राखी (8) हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया सोनू का अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।