रुद्रपुर। दिल्ली के लिए बीएस-4 मॉडल की बस चलने से रोडवेज डिपो प्रबंधन को राहत मिली है।
अब राजधानी के लिए बीएस-4 बसों को मिलाकर कुल 18 बसों का संचालन हो रहा है। पिछले साल के अंत में दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को देखते हुए बीएस-4 बसों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। तब डिपो से हर रोज बीएस-4 की नौ बसों का दिल्ली रूट पर संचालन होता था।
रोक के चलते डिपो प्रबंधन इन बसों को अन्य रूटों पर चलाया। दिल्ली के लिए सीएनजी बसों के साथ ही अनुबंधित बसें चलाई जा रही थीं।
बीएस-4 बसों के संचालन की अनुमति मिलने के बाद डिपो से हर रोज इस मॉडल की चार बसों का दिल्ली के लिए संचालन किया जा रहा है। रोडवेज के स्टेशन इंचार्ज (संचालन) अनवर कमाल ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली के लिए 11 सीएनजी बसें चलाई जा रही हैं।
तीन अनुबंधित डीजल बसों के साथ ही चार बीएस-4 मॉडल की बसों का संचालन दिल्ली के लिए हो रहा है।