सितारगंज। अपने साढ़ू और भांजे के साथ ससुराल जा रहे युवक की रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सुनकर उसकी नौ माह की गर्भवती पत्नी बेसुध हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
सुरेंद्रनगर स्थित जय बाबा तारकनाथ धाम मंदिर में मंगलवार को हुई संध्या आरती देखने के बाद गोविंद नगर निवासी मंगल शील (34) पुत्र समीर शील अपने साढ़ू नगला तराई खटीमा निवासी मनोज बसु और भांजे न्यूरिया (यूपी) निवासी बंकिम हाजरा के साथ एक बाइक पर सवार होकर ससुराल जा रहा था। ससुराल से महज 200 मीटर की दूरी पर सामने से आए अज्ञात वाहन से उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को एंबुलेंस की मदद से उप जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टर ने मंगल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल मनोज बसु और बंकिम हाजरा को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।
परिजनों ने बताया कि मंगल पत्नी और बच्चे के साथ ससुराल में ही रहता था। उसका ससुराल गांव सुरेंद्रनगर में ही है। उसकी आठ वर्ष की बेटी है। पत्नी नौ माह की गर्भवती भी है। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर अज्ञात वाहन की तलाश करने में जुटी है।