निकाय चुनाव में मतगणना कार्य को लेकर तैनात किए गए सुपरवाइजर और मतगणना सहायकों के प्रशिक्षण के बाद मिले लंच पैकेट में खराब खाना होने से हंगामा खड़ा हो गया। कार्मिकों ने नाराजगी जताते हुए प्रशिक्षण देने आए अधिकारियों से शिकायत की और लंच पैकेट छोड़कर चले गए। मामला संज्ञान में आने पर सीडीओ ने खाने का जिम्मा संभाले जिला पूर्ति अधिकारी को तलब किया है।
बता दें कि जिलेभर के नगर निगम, पालिका और पंचायतों में मतगणना कार्य के लिए तैनात किए गए कार्मिकों को जेसीज स्कूल में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साढ़े सात सौ कार्मिकों को बृहस्पतिवार को प्रशिक्षण दिया गया था और शुक्रवार को बाकी बचे साढ़े सात सौ कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण के बाद कार्मिकों को लंच पैकेट दिए गए थे लेकिन कार्मिकों ने पैकेट खोले तो उसमें खराब खाना था। एक कार्मिक ने बताया कि लंच पैकेट खोलते ही उसमें से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद कार्मिकों ने प्रशिक्षण में आए अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताई थी। सभी लोग लंच के पैकेट छोड़कर चले गए। सीडीओ आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि लंच पैकेट में खराब खाना होने की शिकायत संज्ञान में आई है। चूंकि यह जिम्मा डीएसओ के पास था, इसलिए उनको बुलाकर जानकारी ली जा रही है। उधर, चुनाव ड्यूटी पर आए कर्मचारियों के लिए रुद्रपुर से भेजे गए भोजन के पैकेट में यहां के कर्मचारियों ने भी शिकायत की। सहायक चुनाव अधिकारी राजीव कुमार सोलंकी ने बताया कि पोलिंग बूथ पर भोजन व्यवस्था के लिए मतदेय स्थल के संबंधित प्रधानाचार्यों को आदेशित किया गया है।
खटीमा में बांटी गई सामान्य मतदान संबंधी सामग्री
खटीमा। कृषि उत्पादन मंडी परिसर में चुनाव ड्यूटी वाले कर्मचारियों के प्रशिक्षण शिविर के बाद में कर्मचारियों को मतदान संबंधी सामान्य सामग्रियों का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बूथ पर एक महिला सहित पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे, जिन्हें शनिवार दोपहर बाद तीन बजे तक अपने पोलिंग बूथ पर अनिवार्य रूप से पहुंचना हैं।
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 12 कर्मचारी
खटीमा। चुनाव ड्यूटी वाले कर्मचारियों के प्रशिक्षण शिविर में 12 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। चुनाव अधिकारी शुक्ल ने कहा कि अनुपस्थित रहे कर्मचारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जा रही है।
काशीपुर में भी दिया गया प्रशिक्षण
काशीपुर। यहां नवीन अनाज मंडी में नगर निगम काशीपुर, नगर पालिका जसपुर व महुआखेडागंज, नगर पंचायत महुआडाबरा के चुनाव के लिए कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। नगर निगम काशीपुर के रिटर्निग ऑफिसर सहायक गन्ना आयुक्त/ चंद्र सिंह इमलाल ने बताया कि नगर निगम के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। निगम में एक लाख 28 हजार 277 मतदाता हैं। मतदान कराने के लिए 58 पोलिंग स्टेशन और 135 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जसपुर में 43 हजार 302 मतदाताओं को वोट डालने के लिए 46 बूथ बनाए जा रहे हैं। महुआखेडागंज के 8 हजार 352 मतदाताओं के वोट डालने के सात मतदान केंद्र है। नगर पंचायत महुआडाबरा में कुल चार हजार मतदाता हैं। इनके लिए आठ पोलिंग सेंटर हैं। एक पोलिंग पार्टी में चार पुरुष कर्मचारी और एक महिला कर्मचारी होंगे। सभी कर्मचारियों अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारी नगर निगम चंद्र सिंह इमलाल, रिटर्निंग अधिकारी जसपुर एसडीएम दयानंद सरस्वती सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदान कराने का प्रशिक्षण दिया। ब्यूरो
इनसेट
बेहोश हो गया एक कर्मचारी
काशीपुर। पोलिंग पार्टी में नियुक्त प्रशिक्षण व मतदान सामग्री लेने नवीन मंडी आए लोक निर्माण विभाग खटीमा के कर्मचारी लाल प्रसाद प्रशिक्षण आरंभ होने से पहले ही वह बेहोश होकर गिर गए। जिससे उसके साथ के कर्मचारियों में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही आरओ चंद्र सिंह इमलाल ने मौके पर पहुंच कर बेहोश कर्मचारी को देखा और अपनी गाड़ी से सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां कर्मचारी के स्वास्थ्य में सुधार बताया गया।