सितारगंज। ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग के लिए रविवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस बीच पुलिस ने अभद्रता और नारेबाजी करने वाले तीन कार्यकर्ताओं का चालान कर दिया।
बीती नौ दिसंबर को गांव गौठा निवासी सूरज (24) पुत्र रामधनी को एक अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी थी। 11 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इससे आक्रोशित भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने ओवरलोड डंपरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर कोतवाली का घेराव किया। सिपाहियों से अभद्रता और मुर्दाबाद के नारे लगाने पर पुलिस ने तीन कार्यकर्ताओं का चालान किया है। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि पुलिस लगातार यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बीते दिनों में पुलिस ने करीब 700 लोगों का चालान किया है। संवाद