देहरादून के भाष्कर हत्याकांड के मामले में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। इसके लिए पुलिस ने घटना में संदिग्ध कुछ लोगों को उठाया है। वहीं, परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस खुलासा कर सकती है।
बीती 27 नवंबर को प्रेमनगर थाने के श्यामपुर गांव निवासी राजेंद्र जोशी, उसकी मां कमला जोशी और आठ साल का बेटा भाष्कर जोशी कार से पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुए थे। काशीपुर आने के बाद राजेंद्र का परिवार लापता हो गया था। अगले दिन राजेंद्र का परिवार जिस कार से पिथौरागढ़ के लिए निकला था, वो यूपी के बिलासपुर थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में मिली थी और 29 नवंबर को सिडकुल फेज टू में झाड़ियों के बीच से राजेंद्र के बेटे भाष्कर जोशी की लाश बरामद हुई थी। एक दिसंबर को देहरादून में राजेंद्र के छोटे भाई आर्मी के नायक दीपक जोशी ने भाष्कर की पहचान अपने भतीजे के रूप में की थी और सितारगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद से पुलिस खुलासे में जुटी है।
रविवार को देहरादून व ऊधमसिंह नगर जनपद की पुलिस ने भाष्कर हत्याकांड के खुलासे के लिए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। बताया जा रहा है कि पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है और जल्द ही खुलासा कर सकती है। पुलिस ने घटना में संदिग्ध कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क साधने का प्रयास किया गया। लेकिन, एक भी अधिकारी इस मामले में अभी कुछ बताने को तैयार नहीं है।