रुद्रपुर। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का शपथग्रहण समारोह संपन्न हुआ। कोर्ट परिसर में हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एनएस धानिक ने अध्यक्ष, सचिव समेत 13 नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का चुनाव सात अप्रैल को हुआ था। शनिवार को हुए शपथग्रहण समारोह में हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एनएस धानिक मुख्य अतिथि, न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज प्रेम सिंह खिमाल ने की। बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिवाकर पांडेय, उपाध्यक्ष सुधीर सिंह, उपाध्यक्ष कलक्ट्रेट शिवकुमार शर्मा, सचिव शिवकुंवर सिंह, कोषाध्यक्ष कमल चिलाना, उपसचिव सुखदर्शन सिंह, पुस्तकालय अध्यक्ष रवि अरोरा, लेखा परीक्षक इंद्रजीत सिंह बिट्टा, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य प्रीतम लाल अरोरा, माया शर्मा, कनिष्ठ सदस्य संजय सिंह, दिनेश गुप्ता, प्रवेश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्य चुनाव अधिकारी एमपी तिवारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव नरेश रस्तोगी और सचिव शिवकुंवर सिंह ने किया। वहां उत्तराखंड बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य डीके शर्मा, उत्तराखंड बार काउंसिल ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष हरीश सिंह नेगी, विधायक राजकुमार ठुकराल, खटीमा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एचएस कलसी, बाजपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जिला शासकीय अधिवक्ता नंदन सिंह धामी, बरीत सिंह, डीएन जायसवाल आदि थे।
भ्रष्टाचार के मामलों की सुनवाई रुद्रपुर में की जाए
रुद्रपुर। बार संघ के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय ने हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एनएस धानिक व न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा को अवगत कराया कि जिले के भ्रष्टाचार के मामलों की सुनवाई के लोगों को नैनीताल हाईकोर्ट जाना पड़ता है। उनका कहना था कि हाईकोर्ट में 75 प्रतिशत भ्रष्टाचार के मामले ऊधमसिंह नगर के होते हैं। इन मामलों की सुनवाई रुद्रपुर कोर्ट में होनी चाहिए। उन्होंने परिसर में न्याय विश्राम गृह बनाने की भी मांग की। न्यायमूर्ति ने भ्रष्टाचार के मामले रुद्रपुर में निपटाने की मांग पर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
वाद और बेंच रथ के दो पहिये : न्यायमूर्ति वर्मा
रुद्रपुर। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा ने कहा कि वाद और बेंच रथ के दो पहिये की तरह हैं। वकालत ज्ञान और अनुभव का संगम हैं। हमेशा अपने कार्य के प्रति सजग और ईमानदार होना चाहिए।
बार न्यायिक अधिकारियों की जननी : न्यायमूर्ति धानिक
रुद्रपुर। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एनएस धानिक ने रुद्रपुर जिला बार एसोसिएशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल में अब तक उन्होंने इतनी अच्छी बार कहीं नहीं देखी। उन्होंने बार को न्यायिक अधिकारियों की जननी बताते हुए कहा कि यहीं से कई बड़े अधिवक्ता और जज बनकर निकलते हैं। न्याय विश्राम गृह बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि इसका प्रस्ताव जिला जज के माध्यम से भेजेंगे तो उस पर विचार किया जाएगा।
पुस्तकालय के लिए एक लाख 51 हजार की घोषणा
रुद्रपुर। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य और हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को संबोधित किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के अनुरोध पर शर्मा ने रुद्रपुर कोर्ट में लाइब्रेरी के लिए एक लाख 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।