काशीपुर। एक ओर केंद्र सरकार कैशलेस बैंकिंग का बढ़ावा देने की बात कह रही है, वहीं व्यापारियों को बैंकों से स्वाइप मशीन नहीं मिल पा रही है। गुस्साए व्यापारियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के बाद धरना दिया। बैंक प्रबंधक ने जल्द स्वाइप मशीनें उपलब्ध कराने का आश्वान देकर दुकानदारों का धरना समाप्त कराया।
सोमवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल और देवभूमि व्यापार मंडल के सदस्यों ने एमपी चौक के समीप बॉब की शाखा के बाहर धरना दिया। प्रांतीय व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दीपक वर्मा ने कहा कि सरकार ई-बैंकिंग को बढ़ावा देने की बात कह रही है। लेकिन जब तक दुकानदारों के पास स्वाइप मशीन नहीं होगी, तब तक वह ई-बैंकिंग कैसे करेगा।
नगर में करीब 10 फीसदी दुकानदारों और संस्थानों के पास ही स्वाइप मशीन हैं। जिन लोगों में बॉब की शाखा में स्वाइप मशीन के लिए आवेदन किया है, उनको अभी तक मशीन नहीं मिली है। कमोबेश यही स्थिति अन्य बैंकों की भी है। शाखा प्रबंधक विपिन आर्य से बताया कि कारखाने स्वाइप मशीनों की जरूरत पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
इसलिए मशीनें मलेशिया से मंगाई जा रही हैं। हल्द्वानी रेंज को 30 स्वाइप मशीन मिलने जा रही है। मशीनें आते ही आवेदकों को बांटी दी जाएंगी। इसके बाद व्यापारियों ने धरना खत्म किया। वहां गीता चौहान, विशाल रोहिला, मुकेश पाहवा, गौतम मल्होत्रा, राजीव परनामी, अनुज रस्तोगी आदि थे।