रुद्रपुर। डीएम युगल किशोर पंत ने कहा कि जिले में कृषि अवसंरचना निधि में 91 करोड़ धनराशि की व्यवस्था की गई है। ऐसे मेें बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि दो करोड़ की लागत तक के प्रोजेक्ट के लिए बैंक गारंटी की जरूरत नहीं है।
सोमवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला स्तरीय कृषि अवसंरचना निधि की एक दिवसीय कार्यशाला में प्रगतिशील किसानों, सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों, बैंकर्स के साथ ही अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। डीएम ने सहकारिता विभाग की शून्य प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष कार्य शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। कृषि, मत्स्य, दुग्ध, पशुपालन विभाग के अधिकारियों को योजना का लाभ इच्छुक व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। डीएम ने योजनांतर्गत ऋण आवेदन पत्र रिजेक्ट करने वाले ब्रांच मैनेजरों को पूर्ण अभिलेखों सहित सीडीओ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
मुख्य कृषि अधिकारी एके वर्मा ने निधि के अंतर्गत आने वाली पात्र परियोजनाएं की जानकारी दी। कार्यशाला में सीडीओ विशाल मिश्रा, ओसी कलक्ट्रेट अनामिका, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिमवाल, मुख्य उद्यान अधिकारी भावना जोशी, एलडीएम एमएस जंगपांगी, प्रगतिशील किसान लेखराज सिंह, ठाकुर जगदीश सिंह, गुरमुख सिंह, मुखत्यार सिंह, अरविंद कुमार, मयंक तिवारी, रविंदर सिंह, शकील अहमद, मनोज कुमार, परमजीत कौर आदि थे।