रुद्रपुर रोडवेज डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए अब रात्रि सेवा में दो एसी लग्जरी बसों का संचालन किया है। हालांकि इन बसों का अभी विधिवत शुभारंभ होना है, लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या और पीक सीजन होने के कारण फिलहाल प्रबंधन ने इन बसों को बनबसा से दून तक की सड़कों पर दौड़ा दिया है। बनबसा से शाम 7 बजे चलने वाली यह बस खटीमा सवा सात बजे पहुंचेगी और रुद्रपुर यह बस रात्रि साढ़े नौ बजे पहुंचकर देहरादून के लिए रवाना हो जाएगी। बनबसा से देहरादून तक का इस बस का किराया 724 रुपये है जबकि खटीमा से दून तक का किराया 655 रुपये है। वहीं रुद्रपुर से देहरादून तक का किराया 551 रुपये है। इस बस का देहरादून पहुंचने का समय सुबह चार और पांच बजे के बीच है। वहीं इसी तरह देहरादून से भी दूसरी बस शाम 7 बजे बनबसा के लिए रवाना होगी।
रोडवेज रुद्रपुर विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह दोनों ऐसी बसें इस समय फुल सवारियों के साथ चल रही हैं और यात्रियों को भी राजधानी तक का ठंडा सफर खूब रास आ रहा है। विभाग का कहना है कि यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अगर इसी प्रकार यात्रियों की संख्या बढ़ती रही तो विभाग आगे और बसें भी चलाने के मूड में है।