गदरपुर। खानपुर पश्चिम मतदान केंद्र में उस समय हंगामा हो गया जब खेमपुर जिला पंचायत से सदस्य पद के निर्दलीय प्रत्याशी संजय चतुर्वेदी के चुनाव चिन्ह वाले मतपत्र कटी फटी हालात में केंद्र में पाए गए। संजय चतुर्वेदी ने प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट डाॅ. अशोक कुमार को जानकारी देते हुए पीठासीन अधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
जानकारी होने पर जिला पंचायत सीट से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी बलराज सिंह राणा और निर्दलीय प्रत्याशी सुखविंदर सिंह भी तमाम समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मतदान केंद्र के बाहर सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया।
धरने की सूचना मिलने पर आरओ शैलेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम गौरव पांडेय, तहसीलदार लीना चंद्रा, सीओ विभव सैनी और प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान मौके पर पहुंच गए। संजय चतुर्वेदी ने बताया कि वो खेमपुर जिल पंचायत सीट से सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में हैं।
बूथ संख्या 84 खानपुर पश्चिम मतदान केंद्र के कक्ष संख्या दो पर उसने कोई एजेंट नियुक्त नहीं किया था। दोपहर बाद उसे जानकारी मिली कि उसके चुनाव चिन्ह गिटार वाले कई मतपत्र कटी फटी अवस्था में पीठासीन अधिकारी के पास पाए गए हैं।
कटे फटे मतपत्र मिलने की जानकारी होने पर कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी बलराज सिहराणा और निर्दलीय प्रत्याशी सुखविंदर सिंह भी अपने तमाम समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मतदान केंद्र के बाहर सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आकर्षित लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
एसडीएम गौरव पाण्डेय ने कहा मामले की निष्पक्षता से जांच की जाएगी। आरओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के बाद कटी फटी हालात में पाए गए कुल 119 मतपत्रों को सीलबंद कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।
वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी संजय चतुर्वेदी ने कहा कि पंचायत चुनाव में जमकर धांधली की गई है। उनको न्याय नहीं मिला तो वो न्यायालय की शरण लेने को मजबूर होगा।