बाजपुर। उप जिला चिकित्सालय चिकित्सकों के अभाव में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इससे नागरिकों में भारी आक्रोश पनप रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता अरुण शर्मा ने बताया कि उन्होंने चलो अस्पताल की ओर क्योंकि जीवन है अनमोल मुहिम शुरू की गई है। उन्होंने क्षेत्र के समाजसेवियों और राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से आंदोलन के लिए समर्थन मांगा है।
बताया कि एक साल बाद भी बाजपुर उप जिला चिकित्सालय में सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग, फिजिशियन सहित 15 पद रिक्त हैं जिस कारण अस्पताल से मरीजों को रेफर कर दिया जाता है और समय पर इलाज के अभाव में मरीज हायर सेंटर ले जाते समय दम तोड़ देते हैं। अरुण शर्मा ने बताया कि आगामी सोमवार से अस्पताल में रोज दो घंटे धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। सीएमएस डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकों की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।