काशीपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ ऊधमसिंह नगर की ओर से अंडर-19 अंतर जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार बल्लेबाजी के चलते बागेश्वर और हरिद्वार ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
बुधवार को हाईलैंडर एकेडमी में पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंपावत की टीम 44 ओवर में 178 रन बना सकी। अनमोल सिंह ने 30, अर्शील चिली ने 29 रन बनाए। लक्ष्य का पीछे करने उतरी बागेश्वर की टीम ने तीन विकेट खोकर 180 रनों का लक्ष्य प्राप्त कर सात विकेट से मैच जीत लिया। कमलेश रावत ने 62, हर्षित नेगी ने 58 रन बनाए।
दूसरा लीग मैच किंग्सफोर्ड क्रिकेट अकेडमी में टिहरी और हरिद्वार के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरिद्वार की टीम ने 50 ओवर में 258 रन बनाए। पार्थ रावत ने 95 और शोभित प्रजापति ने 40 रनों का योगदान दिया। आदिल खान ने चार, पार्थ द्रविड़ ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टिहरी की टीम मात्र 139 रनों पर सिमट गई। आकाश कुमार ने पांच और शौर्य चौहान ने दो विकेट लेकर टिहरी को 119 रनों से हरा दिया। मैच के अंपायर मोहम्मद शाहनवाज, गणेश रहे। ऑनलाइन स्कोरिंग विदिशा ने की। वहां पर बलवंत सिंह, मोहम्मद नवाज, नमन ग्रेवाल, दीपक मेहरा आदि रहे।