स्टेडियम में चल रहे सिडकुल प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरे दिन बडवे इंजीनियरिंग और महाबल ऑटो की टीमों ने मैच जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। दूसरे दिन मैच का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी रसिका सिद्दीकी ने किया। सोमवार को पहला मैच बडवे इंजीनियरिंग और इंटराच टीमों के बीच खेला गया। बडवे की टीम ने टॉस जीतकर इंटराच को पहले बैटिंग का मौका दिया। 20 ओवर में इंटराच की टीम ने 100 रन बनाए। जवाब में बैटिंग के लिए उतरी बडवे की टीम ने 17 ओवर में मैच जीत लिया। बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने पर सुमित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच लुकास टीवीएस और महाबल ऑटो के बीच हुआ। इसमें महाबल ऑटो की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 100 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में बैटिंग करने उतरी लुकास की टीम 16 ओवर में 75 रन बनाकर ढेर हो गई। महाबल के देवेंद्र सिंह मैन ऑफ द मैच चुने गए। अंपायरिंग कैलाश सिंह और सुधांशु उपाध्याय ने की। वहां पर आयोजक नवीन टम्टा, सुशील शर्मा, संजय तिवारी, मनीष वाधवा, राम प्रवेश, राजन शर्मा, विनय राठी, मोहित आदि थे।