काशीपुर। आयुर्वेदिक क्लीनिक में एलोपैथिक दवाइयों की बिक्री की शिकायत पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, आयुष विभाग के अधिकारियों ने एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में लक्ष्मीपुर पट्टी में एक हेल्थ केयर सेंटर पर छापा मारा। टीम ने वहां से दवाओं का सैंपल लेकर केंद्र को सील कर दिया।
मोहल्ला पक्काकोट, सैनी कॉलोनी निवासी अश्वनी कुमार सैनी ने जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, आयुष विभाग, जिला उधमसिंह नगर को शिकायती पत्र देकर बताया कि लक्ष्मीपुर पट्टी स्थित हेल्थ केयर सेंटर पर नियम विरुद्ध एलोपैथिक दवाओं की बिक्री हो रही है जबकि क्लीनिक के बोर्ड, पर्चे एवं प्रचार सामग्री में आयुर्वेदिक उपचार की बात कही गई है।
आरोप है कि केंद्र संचालक आयुर्वेद पद्धति के नाम का अनुचित उपयोग कर रहा है। सैनी की शिकायत का संज्ञान लेते जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आलोक कुमार शुक्ला ने मंगलवार दोपहर एक बजे एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदोला और पुलिस की मौजूदगी में इस केंद्र पर जाकर जांच पड़ताल की। केंद्र पर दवाओं की बिक्री के संबंध में कोई वैध लाईसेंस आदि नहीं पाया गया।
मौके पर औषधि निरीक्षक निधि शर्मा को बुलाया गया। टीम ने मौके से दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। कार्रवाई के बाद केंद्र को सील कर दिया गया है।