रुद्रपुर। एडीजे तृतीय मुकेश कुमार आर्या की अदालत ने किच्छा के बहुचर्चित समीर हत्याकांड के तीन दोषियों को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में फरार दो अभियुक्तों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर पुलिस को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
घटना तीन मई 2018 की है। प्रापर्टी डीलर समीर अहमद की आदित्य चौक पर शर्मा ढाबे के बाहर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। बदमाश की पहचान सीसीटीवी में हाथ पर पहने कड़े से हुई थी जिसके बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर जसविंदर सिंह, अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू, गुरचरण सिंह उर्फ बंटी, सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा, प्रसन्नजीत सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
हत्याकांड की सुनवाई एडीजे तृतीय के न्यायालय में चली। बीते बृहस्पतिवार को सुनवाई के दौरान न्यायालय ने अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू, गुरचरण सिंह उर्फ बंटी, प्रसन्नजीत सिंह उर्फ सन्नी के न्यायालय में उपस्थित होने पर पुलिस कस्टडी में लेने के आदेश दिए थे। सुनवाई के दौरान उपस्थित नहीं होने वाले जसविंदर सिंह और सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा के विरुद्ध वारंट जारी कर पुलिस को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के निर्देश दे दिए हैं।
सोमवार को न्यायालय ने अंग्रेज सिंह उर्फ रिंकू, गुरचरण सिंह उर्फ बंटी, प्रसन्नजीत सिंह उर्फ सन्नी को हत्याकांड का दोषी पाते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई।
फिल्मी अंदाज में भागा था हत्यारा
हत्याकांड का एक आरोपित रणदीप सिंह उर्फ राजा फरार है जिसे मफरूर घोषित कर दिया है। असल में लुक आउट सर्कुलर जारी होने के बाद पुलिस ने रणदीप को मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था। मुंबई से लाते समय हत्यारोपी यूपी के पिलखुआ के पास पुलिस कस्टडी से भाग गया था। सात वर्ष बाद उसका कुछ पता नहीं चल सका है।
जसविंदर और सुखदेव के विदेश भागने की आशंका
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने अभियुक्त जसविंदर सिंह और सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा के विदेश भागने की आशंका जताई। इस संबंध में न्यायालय ने विदेशी दूतावास कनाडा, अमेरिका, नेपाल को भी पत्र लिखा है। साथ ही पुलिस को निर्देश दिए हैं कि अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।