रुद्रपुर। साइबर ठग अब गैस कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ताओं से ठगी की कोशिश में लगे हैं। मोबाइल और व्हाट्सएप पर फर्जी मैसेज भेजकर गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखा रहे हैं।
रुद्रपुर निवासी एक उपभोक्ता ने बताया कि शुक्रवार को उसके पास गैस बिल अपडेट कराने के लिए एक एपीके फाइल आई थी। मैसेज में दावा किया जा रहा है कि अगर तत्काल केवाईसी या बिल अपडेट नहीं कराया तो रात तक गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। साथ ही संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया। उसने सतर्कता दिखाते हुए फाइल डाउनलोड नहीं की।
युवक ने बताया कि उसके पास फोन कॉल भी आया जिसमें साइबर ठग ने खुद को कंपनी प्रतिनिधि बताकर फाइल खोलने और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा लेकिन उसने कार्यालय जाकर केवाईसी कराने की बात कही जिस पर वह साइबर ठगी से बच गया।
साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने कहा कि एपीके फाइल डाउनलोड करना खतरनाक हो सकता है। ऐसी फाइल पर क्लिक करते ही साइबर अपराधी मोबाइल का पूरा नियंत्रण हासिल कर बैंकिंग डिटेल, ओटीपी और निजी जानकारी चोरी कर सकते हैं। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की केवाईसी या बिल अपडेट सिर्फ अधिकृत कार्यालय या आधिकारिक हेल्पलाइन के माध्यम से ही कराएं।