रुद्रपुर। रात होते ही रुद्रपुर की आधी आबादी अंधेरे में डूब रही है। रोजाना तीन से चार घंटे की बिजली कटौती लोगों को बेहाल कर रही है और उमस भरी गर्मी में हजारों उपभोक्ताओं को रात जागकर बितानी पड़ रही है।
शहर के आवास विकास, ट्रांजिट कैंप, रंपुरा, गांधी कॉलोनी, शिवनगर, आदर्श कॉलोनी, भूतबंगला, जगतपुरा, प्रीत विहार समेत कई इलाकों में रात के समय बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। कई बार बिजली आने-जाने का सिलसिला देर रात तक जारी रहता है। गर्मी और उमस में लोग रातभर बेहाल हो रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर की भागदौड़ के बाद रात में आराम की उम्मीद रहती है लेकिन बिजली कटौती के कारण नींद पूरी नहीं हो पा रही है। बिजली गुल होने से इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं जिससे पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि अगर मरम्मत या रखरखाव का कार्य किया जा रहा है तो इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए।
वहीं ऊर्जा निगम का कहना है कि बढ़ी हुई बिजली की मांग, ओवरलोड और तकनीकी खामियों के कारण कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हो रही है। विभाग का दावा है कि फॉल्ट मिलने पर टीमों को तत्काल मौके पर भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जा रही है।
कोट
कहीं से भी लंबी रोस्टिंग की शिकायत हमारे पास नहीं है। कहीं कुछ देर के लिए बिजली कट हो सकती है। - किशोर पंत, ईई, ऊर्जा निगम
लो-वोल्टेज की समस्या से मिला छुटकारा
सुल्तानपुर पट्टी। ग्राम मुकुंदपुर की बिजली समस्या का निदान हो गया है। मुकुंदपुर के ग्रामीण काफी समय से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे थे। इस दौरान ट्रांसफार्मर भी फुंक गया था। ग्रामीणों ने भाजपा नेता मोहन पाल के नेतृत्व में ऊर्जा निगम के अधिशासी अधिकारी अजित यादव और एसडीओ दीपचंद्र जोशी को समस्या से अवगत कराया। मंगलवार को मुकंदपुर में नया ट्रांसफार्मर लगवाकर ग्राम की बिजली समस्या का निदान करवाया। वहां रमेश सिंह, संदीप सिंह, बुटी सिंह, तरसेम सिंह, प्रेम सिंह आदि थे। संवाद