समाज कल्याण विभाग की ओर से लगे शिविर में पंजीकृत 133 दिव्यांगों को एक महीने बाद भी कृत्रिम अंग मुहैया नहीं हो सके। इससे दिव्यांग और उनके परिजनों में रोष है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से 26 फरवरी को रामभवन धर्मशाला में शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने नि:शुल्क रुप से 20 ट्राई साइकिल, 15 व्हील चेयर, 350 लोगों को नजर के चश्मे, 150 लोगों को कान की मशीन बांटी थी। शिविर में परीक्षण के दौरान बाजपुर, गदरपुर, जसपुर, काशीपुर क्षेत्र के 133 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग के लिए चयनित किया गया था।
जिन्हें भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एल्मिको कानपुर) से कृत्रिम अंग उपलब्ध होने थे। काबीना मंत्री आर्य ने चयनित दिव्यांगों को एक माह बाद कृत्रिम अंग देने की घोषणा की थी। बावजूद इसके एक माह बीतने के बाद भी दिव्यांगों को कृत्रिम अंग मुहैया नहीं हो सके। बाजपुर के एडीओ समाज कल्याण भुवन चंद जोशी ने बताया कि दिव्यांगों के परिजनों ने कृत्रिम अंग के लिए उनसे संपर्क साधा था। जिन्हें अंग कृत्रिम उपलब्ध होने पर सूचित करने का भरोसा उनकी ओर से दिया गया है।
शिविर में पंजीकृत दिव्यांगों को कृत्रिम अंग मुहैया कराने के लिए एल्मिको कानपुर से बातचीत की गई है। जल्द ही दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे। - यशपाल आर्य, समाज कल्याण मंत्री, उत्तराखंड सरकार
दिव्यांगों को कृत्रिम अंग मुहैया कराने के लिए 14 मार्च को जिलाधिकारी की ओर से एल्मिको कानपुर के महाप्रबंधक पीके दुबे को पत्र भेजा गया। 26 मार्च को दोबारा पत्र भेजकर जल्द ही दिव्यांगों को कृत्रिम अंग मुहैया कराने को कहा गया है। एमिल्को कानपुर की ओर से कोई जवाब अभी नहीं मिला है। -
पीसी जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ऊधमसिंहनगर