काशीपुर। मेले में परिजनों से बिछुड़ी बालिका को अधेड़ उठा ले गया। वह झाड़ियों में ले जाकर उससे दुष्कर्म का प्रयास करने लगा, तभी कुछ महिलाओं ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बुधवार शाम टांडा उज्जैन क्षेत्र की पांच वर्षीय बालिका अपने ताऊ और ताई के साथ चैती मेला देखने आई। मेले में भीड़ के चलते वह उनसे अलग हो गई और परिजनों को तलाशने लगी।
तभी जसपुर खुर्द निवासी रईस अहमद बालिका को पुलिस चौकी ले जाने के बहाने साथ ले गया। वह करीब दो किमी दूर श्यामपुरम के पास झाड़ियों में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। बालिका के रोने की आवाज सुनकर पास से गुजर रहीं महिलाओं ने शोर मचा दिया। उन्होंने रईस को पकड़कर जमकर पिटाई लगाई और बालिका को उससे छुड़ा लिया। तभी गांव की सामाजिक कार्यकर्ता ममता मेहरा पहुंच गई। उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस बालिका और आरोपी को आईटीआई थाने लेकर पहुंची। कुछ देर बाद पुलिस की सूचना पर बालिका के पिता भी पहुंच गए। पुलिस ने बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया।