फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैरियर पर बड़े वाहनों से अवैध वसूली रोकी जाए

Thu, 06 Apr 2017 01:02 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, काशीपुर।
विज्ञापन
Industry - फोटो : File Photo
विज्ञापन
काशीपुर। कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई) के सदस्यों ने डीएम और एसएसपी को परेशानियों के बारे में बताया। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की दयनीय स्थिति और अवैध वसूली से उद्योगों को परेशानी हो रही है। डीएम डॉ. नीरज कुमार खैरवाल के साथ हुई बैठक में केजीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष अशोक बंसल ने जिले के औद्योगिक विकास में बाधक बन रहे रुद्रपुर-रामपुर रोड की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई।
विज्ञापन


उन्होंने सितारगंज-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-74 का 4-लेन कार्य में देर होने, ग्रामीण क्षेत्रों में भवन निर्माण के लिए नक्शा पास न होने के कारण बैंकों द्वारा स्वीकृत लोन उद्यमियों को अवमुक्त न होने, औद्योगिक इकाइयों को मैथनॉल भंडारण एवं उसके ट्रांसपोर्टेशन संबंधी समस्या का समाधान कराने की मांग की। केजीसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश मिड्ढा ने कहा कि जिला उद्योग मित्र की बैठकों में विभिन्न विभागों के जिम्मेदार, शीर्ष अधिकारी नहीं आते, इस कारण उद्यमियों की समस्याएं नहीं सुलझ पाती हैं।

उक्त बैठक में जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित कराई जानी चाहिए। केजीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष दरबारा सिंह ने कहा कि रुद्रपुर में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) का अस्पताल स्वीकृत होने, काफी समय पूर्व भूमि का आवंटन हो जाने के बावजूद उसका निर्माण शुरू नहीं कराया गया है। इस कारण क्षेत्र के श्रमिकों को उपचार की समुचित सुविधा नहीं मिल पा रही है। ईएसआई डिस्पेंसरी में भी श्रमिकों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
विज्ञापन


इसके बाद एसएसपी डॉ. सदानंद दाते के साथ हुई बैठक में अशोक बंसल ने कहा कि महुआखेड़ागंज काशीपुर में नगरपंचायत द्वारा उद्योगों में आने वाले वाहनों से मुख्य रोड पर बैरियर लगाकर जबरन वसूली की जा रही है। यहां तक कि बड़े वाहनों से 400 रुपये तक की वसूली की जा रही है। इससे क्षेत्र के उद्यमी भयभीत हैं। उन्होंने अवैध वसूली रोकने की मांग की। साथ ही पुलिस द्वारा उद्योगों में बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप पर अंकुश लगाने को कहा। पूर्व अध्यक्ष दरबारा सिंह ने कहा कि रुद्रपुर शहर में पार्किंग की सबसे बड़ी समस्या है। इस कारण वाहन इधर-उधर सड़कों पर ही खड़े रहते हैं। इससे यातायात अवरुद्ध हो जाता है।

शहर के मध्य में गांधी पार्क जैसे किसी सुरक्षित स्थान में वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था कराई जानी चाहिए। अनूप सिंह ने श्रमिकों के सत्यापन की प्रक्रिया का सरलीकरण करने की मांग की। दोनों ही अधिकारियों ने उद्योगपतियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। बैठक में राजीव शर्मा, बीएस सहरावत, श्रीकर सिन्हा, संजीव तोमर, नरेश गुप्ता, अमृत पाल सिंह, सुरेश कुमार, राजीव विश्नोई, नरेश घई, पीडी अग्रवाल, रमेश नेगी, एचएस कन्याल, वीबी श्रीधर, पीके मिश्रा, संतोष गर्ग, रोहित चौधरी आदि थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें