खटीमा। पूर्व सैनिक को डिजिटल अरेस्ट कर नौ लाख रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चकरपुर निवासी पूर्व सैनिक ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि 24 जून 2025 को एक मोबाइल से उनको फोन आया, जिसमें एक महिला बोल रही थी कि उनके आधार कार्ड नंबर का दुरुपयोग हो रहा है। जिस पर उनके विरुद्ध अपराध शाखा मुंबई में रिपोर्ट दर्ज हुई है, जिससे वह घबरा गए। महिला ने उनके आधार कार्ड नंबर का मिलान करवाया। उसके बाद उक्त महिला ने कॉन्फ्रेंस में दूसरे व्यक्ति से बात करवाई। उस व्यक्ति ने कहा कि उनके नाम से मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है। इसके लिए उनके बैंक खातों की जांच होगी।
जिसके बाद उन्होंने अपने सारे खाते नंबर बता दिए। उसके बाद उक्त व्यक्ति ने बैंक में जाकर चार लाख रुपये का चेक एक खाते में जमा करने को कहा। जिसके बाद उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं होगी। इसके बाद उन्होंने उसके बताए गए खाते में चार लाख रुपये जमा कर दिए। उसके बाद 26 जून को खाते में चेक के माध्यम से पांच लाख रुपये जमा करवाए।
उसके बाद उक्त व्यक्ति की वीडियो कॉल बंद हो गई। उसके बाद उन्होंने बैंक जाकर छानबीन करवाई ,तो उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि मामले को जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया है। जांच के बाद इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।