यूएसनगर पुलिस को बदमाश लगातार चुनौतियां दे रहे हैं। हथियारबंद बदमाशों ने चालक और हेल्पर को बंधक बनाकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक को लूट लिया। बदमाश दोनों के हाथ-पांव बांधकर काशीपुर क्षेत्र में एक गन्ने के खेत में फेंककर ट्रक लेकर चलते बने। आनन-फानन में ट्रक की बरामदगी के लिए 3 टीमें यूपी भेजी गई हैं।
सोमवार शाम बिहार के दरभंगा से धान लेकर ट्रक संख्या यूपी76के 2630 गदरपुर रोड से सटे यूपी क्षेत्र में स्थित श्यामपुरिया राइस मिल में लाया था। धान उतारने के बाद माल की रकम लेकर चालक रजाउद्दीन और हेल्पर रामसेवक निवासी ग्राम रजिपुर थाना कमालगंज फर्रुखाबाद ने ट्रक को गदरपुर रोड में तेल मिल के पास खड़ा किया था। देर रात करीब 12 बजे हथियारबंद चार बदमाशों ने ट्रक की खिड़की के शीशे की रबड़ उतारी और दरवाजा खोल लिया।
बदमाशों ने भीतर सो रहे रजाउद्दीन और रामसेवक को जमकर पीटा और ट्रक लूटकर काशीपुर को रवाना हो गए। आईटीआई थाना क्षेत्र के जैतपुर मोड़ में बदमाशों ने दोनों के हाथपैर बांधकर गन्ने के खेत में फेंक दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। किसी तरह बंधन से मुक्त होकर दोनों सड़क पर पहुंचे और गश्त कर रहे सिपाहियों को वारदात की जानकारी दी। ट्रक के साथ ही माल से मिले 1 लाख 40 हजार रुपये भी बदमाश लूटकर ले गए। कोतवाली के एसआई सुनील बिष्ट टीम के साथ आईटीआई थाना पहुंचे और दोनों पीड़ितों से घटनाक्रम की जानकारी ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने सीओ रुद्रपुर बीएस चौहान को भी बदमाशों को पकड़ने का टास्क सौंप दिया। सीओ चौहान ने बताया कि बदमाशों को पकडने के लिए तीन टीमें मेरठ, मुरादाबाद और रामपुर भेजी गई हैं। एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि वर्ष 2011 और 12 में ठीक इसी तरह ट्रक लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। उसमें शामिल बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। लूट में शामिल बदमाश हथियारबंद थे। बहुत जल्द बदमाश पुलिस की पकड़ में होंगे।