काशीपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर में अंडर-17 दो दिवसीय बालिका फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ विजेता रही। मेजबान आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर उपविजेता रहीं। हेमपुर में आयोजित दो दिवसीय बालिका फुटबाल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में मध्य कमान के संकुल 6 के अंतर्गत आने वाले जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़, आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत और मेजबान आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर की टीमों ने भाग लिया। इसका शुभारंभ 23 मई को स्थानीय आर्मी स्टेशन के डिप्टी कमांडेंट कर्नल संजीत ने किया।
प्रतियोगिता का पहला मैच एपीएस पिथौरागढ़ और एपीएस हेमपुर के मध्य खेला गया जिसमें पिथौरागढ़ ने हेमपुर को 2-1 से हराया। दूसरा मैच एपीएस पिथौरागढ़ और एपीएस रानीखेत के मध्य खेला गया। पिथौरागढ़ ने रानीखेत को 1-0 से पराजित किया।
तीसरा मैच हेमपुर और रानीखेत के मध्य खेला गया जिसमें हेमपुर ने रानीखेत को 2-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया।
रविवार को फाइनल जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ और मेजबान आर्मी पब्लिक स्कूल हेमपुर के मध्य खेला गया जिसमें पिथौरागढ़ की टीम विजेता रही।
प्रतियोगिता के समापन पर आर्मी स्टेशन के कमांडेंट और विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर सुखवीर सिंह ने विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया।
वहां प्रधानाचार्य डॉ. मालिनी शर्मा, स्टाफ आफिसर कैप्टन दिनेश गहलोत, संयोजक पंकज अधिकारी, टीम प्रबंधक मंजू बिष्ट आदि थे।