काशीपुर। कई दिन से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और 40 से ऊपर पारा पहुंचने का असर रोडवेज बसों और निजी बसों में देखने को मिल रहा है। लोग मौसम की वजह से यात्रा करने से बच रहे है जिससे रोडवेज डिपो में सवारियां कम ही नजर आ रही हैं। लोग सुबह और शाम में ही यात्रा कर रहे हैं
भीषण गर्मी और लू के कारण लोगों सफर करने से बच रहे है, जिससे सुबह 11 से शाम चार बजे तक सुनसान रह रहा है। ऐसे में रोडवेज और निजी बस संचालकों के मुताबिक 10 दिन में यात्रियों की संख्या लगभग 40 प्रतिशत तक घट गई है।
रोडवेज बस स्टेशन के एआरएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर से लेकर शाम तक की बसें बहुत कम सवारियां लेकर चल रही हैं। सुबह 6 से 9 और शाम 6 के बाद ही सवारियां दिखती हैं। दिल्ली, मुरादाबाद, रामनगर रूट पर भी यही हाल है। गर्मी और लू के कारण लोग यात्रा कम ही कर रहे हैं।
निजी बस यूनियन के संचालक इसरार हुसैन ने बताया कि दस दिन से बसों में 50 फीसदी सवारियां कम हो गई हैं। लोग जरूरी होने पर ही यात्रा कर रहे। बाकी ट्रेन या निजी कार को ही महत्व दे रहे हैं। परिचालकों के मुताबिक भीषण गर्मी के कारण दोपहर की बसों में सवारियां कम है। मानसून की दस्तक या तापमान गिरने के बाद ही सवारियों की संख्या फिर से बढ़ सकती है।
वहीं ऑटो और ई-रिक्शा वाले भी दोपहर से शाम तक सवारी के इंतजार में इधर-उधर खड़े रहते हैं। ई-रिक्शा चालक राजेश कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण सवारियां कम हो गई है, जिससे उनकी आमदनी पर फर्क पड़ रहा है।