सितारगंज। सितारगंज बिज्टी मझोला मार्ग में कैलाश नदी के कटाव से यूपी को जोड़ने वाले पुल के पास अप्रोच रोड को खतरा हो गया है। सड़क का एक हिस्सा बैठ गया है। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सड़क के एक ओर का आवागमन रोक दिया।
अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि कैलाश नदी के तेज बहाव में नदी ने अपना रास्ता बदला है। कैलाश नदी पर यूपी को जोड़ने के लिए बना 120 मीटर स्पान आरसीसी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो रही है। पूर्व में यहां मरम्मत की थी। लेकिन अचानक नदी का रुख बदलने के एप्रोच रोड धंस रही है। ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए जल्द से जल्द मरम्मत की मांग की है। सोमवार को लोनिवि के एई अजेन्द्र जोशी, अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह व किशोर सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। अपर सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह ने बताया कि बारिश रुकने के बाद कैलाश नदी का प्रवाह कम होने पर एप्रोच रोड की मरम्मत की जायेगी। कैलाश नदी के कटाव को रोकने के लिए कार्य करेंगे।