काशीपुर। ग्रामीणों व व्यापारियों ने गांव के चौराहे पर साप्ताहिक बाजार लगाए जाने की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन किया। सरकार से बाजार पहले की भांति लगाए जाने की मांग की।
ग्राम पंचायत बसई में शहीद सरदार भगत सिंह चौराहे पर पिछले 40 वर्षों से प्रत्येक रविवार और बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जाता था। बीते सप्ताह पुलिस प्रशासन ने चौराहे पर साप्ताहिक बाजार लगाए जाने से मना कर दिया। इसके विरोध में ग्रामीण और बाजार में फड़ लगाने वाले सब्जी व्यापारियों ने रोड के किनारे शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन करते हुए सरकार से साप्ताहिक बाजार को पूर्व की भांति लगाए जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस फड़-सब्जी बेचने वालों से अभद्र व्यवहार कर रही है। इस कारण बीते सप्ताह का बाजार नहीं लगाया गया। दुकानदारों ने बताया कि वह सप्ताह में लगने वाले दोनों बाजार से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बाजार बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पूर्व की भांति लगने वाला साप्ताहिक बाजार बंद न किया जाए। वहां पर टोनी सिंह, भोपाल सिंह, बबलू सैनी, महेंद्र सिंह, होरी सैनी, गिरीराज सिंह, अंकुर अरोरा, ओमप्रकाश सिंह, अली राजा आदि रहे।