एनस्थेटिस्ट विहीन अस्पतालों के लिए की गई व्यवस्था, मरीजों को मिलेगी सुविधा
रुद्रपुर। जिले के एनस्थेटिस्ट विहीन अस्पतालों में अब निश्चेतक की कमी से ऑपरेशन बाधित नहीं होंगे। एनस्थेटिस्टों की मोबाइल टीम एक कॉल पर संबंधित अस्पताल में पहुंचेगी।
काशीपुर उप जिला अस्पताल में निश्चेतक के दोनों पद रिक्त हैं। बाजपुर, गदरपुर, किच्छा, जसपुर और नानकमत्ता सीएचसी में भी निश्चेतक का पद खाली है। जिला अस्पताल में भी दो में से एक पद पर ही एनस्थेटिस्ट तैनात है। जिला अस्पताल में भी निश्चेतक के तीनों पद रिक्त हैं।
निश्चेतकों की कमी के कारण काशीपुर उप जिला अस्पताल के साथ ही जिले के सीएचसी में ऑपरेशन करने में दिक्कत आती है। सीएमओ डाॅ. केके अग्रवाल ने मोबाइल वैन के जरिये जरूरत वाले अस्पतालों में निश्चेतक भेजने की व्यवस्था की है।
सितारगंज उप जिला अस्पताल में दो एनस्थेटिस्ट तैनात हैं। उन्हें मोबाइल वैन उपलब्ध कराई जा रही है। जिस अस्पताल में भी निश्चेतक की जरूरत पड़ेगी। मोबाइल वैन के जरिये निश्चेतक पहुंचेंगे। इसका लाभ लोगों को मिलेगा। -डॉ. केके अग्रवाल सीएमओ ऊधमसिंह नगर