रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में तीन युवकों ने एक दुकानदार को पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान से सोने की चेन और 74 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसे वाहन से कुचलने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है।
वार्ड नंबर दो फुलसुंगा शिव गार्डन निवासी सौरभ शर्मा ने अदालत को बताया कि 29 नवंबर 2025 को वह रात 11 बजे अपनी दुकान शिमला बहादुर से घर जा रहा था। इसी बीच जनपद रोड निवासी सुच्चा अपने तीन साथियों के साथ आया और डंडा मारकर उसे स्कूटी से गिरा दिया। हॉकी, डंडों से पीटा और चाकू मारने की कोशिश की। हमलावरों ने उसका आईफोन भी छीन लिया। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। बाद में उसने अस्पताल में उपचार कराया। इस मामले की शिकायत उन्होंने कोतवाली और पुलिस अधिकारियों से की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि अदालत के आदेश पर एक नामजद समेत तीन हमलावरों पर प्राथमिकी कर विवेचना शुरू कर दी है।
बजरी पर बाइक फिसली, दो होमगार्ड घायल
काशीपुर। सड़क किनारे पड़ी बजरी पर बाइक फिसलने से ड्यूटी पर जा रहे दो होमगार्ड गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आईटीआई कोतवाली में तैनात होमगार्ड रमेश सिंह और उदयराज सिंह बाइक से बीते शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे ड्यूटी पर जा रहे थे। बाजपुर रोड आवास विकास कॉलोनी के पास आरओबी की सर्विस रोड निर्माण के लिए सड़क पर फैली बजरी पर उनकी बाइक फिसल गई। घायल होमगार्ड के साथी प्रदीप ने बताया कि आरओबी से उतरने के दौरान यह हादसा हुआ है। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की पुलिस को सूचना दी।