फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनएच की राह में शहर के बीच हैं कई रोड़े

Wed, 06 Jul 2016 12:14 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
एनएच - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रुद्रपुर शहर से गुजर रहे एनएच-74 का चौड़ीकरण में प्रशासन के समक्ष कुछ मुसीबत भी खड़ी हो सकती है। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी दिक्कत अतिक्रमण के साथ-साथ चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों का मामला है। धार्मिक स्थलों को बचाते हुए प्रशासन अब चौड़ीकरण के लिए कौन सा रास्ता निकालेगा यह बड़ा सवाल है। फिलहाल प्रशासन ने हाईवे के चौड़ीकरण के लिए तैयारी पूरी कर रखी है।
विज्ञापन


काशीपुर से लेकर खटीमा तक एनएच को फोरलेन करने का काम पिछले दो वर्षों से युद्ध स्तर पर चल रहा है। एनएच चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई गांवों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी प्रशासन ने लगभग पूरी कर ली है। काशीपुर से लेकर खटीमा तक के शहर और कस्बों की बात करें तो सबसे ज्यादा दिक्कत जिन शहरों में हाईवे को लेकर आनी थी वहां से एनएच को बाईपास से निकाल दिया गया है। 

गदरपुर, केलाखेड़ा, सुल्तानपुर पट्टी, किच्छा जैसे कई शहरी क्षेत्रों से एनएच बाईपास से निकाला गया है, जहां से बाईपास संभव नहीं है वहां भी समस्या लगभग हल हो गई है। खटीमा से काशीपुर तक अधिकांश स्थानों पर एनएच के लिए भूमि अधिग्रहीत कर ली गई है। 
विज्ञापन


जहां अतिक्रमण हटाया जाना था वहां से अतिक्रमण भी करीब-करीब हटा लिया गया है। अब अतिक्रमण की सबसे बड़ी समस्या जिला मुख्यालय रुद्रपुर में सामने आ रही है। यहां एनएच चौड़ीकरण के लिए अभी प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू भी नहीं की है, उससे पहले ही कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने को लेकर हल्ला मचने लगा है। 

चौड़ीकरण के लिए प्रशासन के सामने अतिक्रमण की सबसे बड़ी समस्या गल्ला मंडी से लेकर तीन पानी तक सामने आ रही है। यहां एनएच चौड़ीकरण की जद में जहां कई रसूखदारों की जमीनें आ रही हैं, वहीं कुछ धार्मिक स्थल भी चौड़ीकरण की जद में आ रहे हैं। 

सड़क चौड़ीकरण के लिए धार्मिक स्थलों को छेड़ने से यहां माहौल गर्माने की आशंका है। इसके चलते प्रशासन फूंक फूंककर कदम रख रहा है। किच्छा रोड पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थल के गेट को बचाने के लिए बीते दिनों सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन कर अपनी मंशा जाहिर भी कर दी थी। 

इस विरोध प्रदर्शन को सत्ता पक्ष के नेताओं ने भी अपना समर्थन दिया था। प्रशासन ने चौड़ीकरण के लिए बाकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। चौड़ीकरण की जद में आ रहे अधिकांश दुकानदारों को मुआवजा भी दे दिया गया है। 

जाम से मिलेगा छुटकारा और दुर्घटनाएं कम होंगी
हाईवे के चौड़ीकरण से जहां शहर के विकास को गति मिलेगी वहीं आए दिन लगने वाले जाम से छुटकारा भी मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं में भारी कमी आएगी। जसपुर से खटीमा तक बन रहा फोरलेन में रुद्रपुर शहर के इंदिरा चौक से किच्छा रोड और बगवाड़ा मंडी तक कुछ अतिक्रमण ध्वस्त किया जाना है। 

बता दें कि इस रोड पर हमेशा जाम की स्थिति रहती है वहीं बागवाड़ा से लेकर इंदिरा चौक तक सड़क हादसों के लिहाज से डेंजर जोन मानी जाती है। इस रोड पर आए दिन हादसों में लोगों की जाने जा चुकी हैं। चौड़ीकरण के बाद जहां हादसों पर विराम लगेगा वहीं लोगों को आए दिन लगने वाले जाने से भी छुटकारा मिलेगा।

एनएच चौड़ीकरण का मकसद शहर का विकास है। शहर के विकास में किसी तरह का कोई रोड़ा पैदा नहीं होने दिया जाएगा। जिला प्रशासन विवादित जगहों पर बीच का रास्ता निकाल कर काम करेगा। जिन लोगों की दुकानें चौड़ीकरण में आ रही हैं सर्वे के बाद उन्हें मुआवजा भी दिया जा रहा है, शहर के विकास में लोगों को भी जिला प्रशासन का साथ देना चाहिए। मिल जुलकर बीच का रास्ता निकाल कर शहर को जाम से छुटकारा दिलाया जाएगा। 
विज्ञापन

- डा. आशीष श्रीवास्तव, डीएम, यूएस नगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें