रुद्रपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उधम सिंह नगर की ओर से आयोजित अंडर-16 जिला क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला एमेनिटी मदनलाल क्रिकेट अकादमी और रुद्रा लायंस क्रिकेट अकादमी के बीच सोमवार को एमेनिटी ग्राउंड में खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए एमेनिटी अकादमी ने 112 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमेनिटी अकादमी ने निर्धारित 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 257 रन बनाए। टीम की ओर से निदिश पचौरी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 122 गेंदों में 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली।
अंशुल ने 27 और अक्ष चौहान ने 28 रन का योगदान दिया। आदित्य अग्रवाल 9 रन बनाकर आउट हुए। रुद्रा लायंस क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में आदित्य, रुद्रा और आरनीष ने दो-दो विकेट हासिल किए।
257 रनों का पीछा करने उतरी रुद्रा लायंस की टीम 37 ओवर में 145 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नैतिक भट्ट ने 51 रन जबकि अर्णव गुप्ता ने 10 और हर्षित ने 13 रनों का योगदान दिया। एमेनिटी अकादमी की गेंदबाजी भी शानदार रही। गगन और लोकेश ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अथर्व ने दो और निदिश और आकाश ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए निदिश पचौरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हाइलैंडर अकादमी के शिवम रहे। नितिन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, शिवम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और हर्षित कुमार को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उपसचिव नूर आलम ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर गौरव तिवारी, आफताब आलम, कपिल, मोहम्मद नवाज, राजेंद्र कुमार, बलवंत सिंह, इंद्र नीलकर, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।