जसपुर में कुछ इस तरह बनेगा न्यूट्री गार्डन।
- फोटो : RUDRAPUR
जसपुर के मेधावाला गांव में स्थित डेयरी ग्रोथ सेंटर में ही महिलाएं एक ही स्थान पर कड़कनाथ मुर्गे का पालन व खेती भी करेंगी। ग्रोथ सेंटर में दही, घी व पनीर भी तैयार किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत 25 लाख रुपये का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।
मेधावाला गांव स्थित डेयरी ग्रोथ सेंटर में 50 महिलाएं जुड़ी हैं। गाय व भैंस के स्वच्छ दूध को महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को उपलब्ध कराती हैं। महिलाओं को एक ही जगह में दुग्ध, कुक्कुट पालन व न्यूट्री गार्डन में खेती करने के लिए ग्राम प्रधान की ओर से निशुल्क जमीन भी दी गई है। न्यूट्री गार्डन में महिलाएं फूलगोभी, पत्तागोभी, चुकंदर, गाजर, अरवी, मूली, चौलाई, मटर, बैंगन, प्याज, लहसुन, अदरक, धनिया, मिर्च, टमाटर, मेथी व पालक उगाएंगी।
गार्डन में सब्जियां लगने के बाद उन्हें स्थानीय बाजार में बेचकर महिलाएं आय कमाएंगी। सीडीओ हिमांशु खुराना ने बताया कि डेयरी ग्रोथ सेंटर में महिलाएं दूध, घी व पनीर बनाने के साथ ही कुक्कुट पालन व खेती भी कर सकेंगी। घी, पनीर बनाने के लिए ग्रोथ सेंटर में क्रीम सेपरेटर, इंक्यूबेटर व सामान ट्रांसपोर्टेशन के लिए एक गाड़ी दी जाएगी। जल्द ही राज्य सरकार से बजट मिलने की उम्मीद है।