तीन तलाक के विरोध में याचिका दायर करने वाली सायरा का कहना है कि उसका वैवाहिक जीवन काफी कष्टकारी रहा। औलाद न होने के चलते विवाह के एक साल बाद ही ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न कर घर से निकाल दिया था। समझौता हुआ तो वह फिर ससुराल आ गईं, लेकिन उनके प्रति ससुरालियों को व्यवहार नहीं सुधरा।
काशीपुर के आरटीएस डिपो में 5 जून 1975 को जन्मी सायरा ने राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापपुर से हाईस्कूल किया और जीजीआईसी काशीपुर से इंटर किया। राधेहरि महाविद्यालय से समाजशास्त्र में एमए करने के बाद 11 अप्रैल 2002 को उसकी शादी हो गई। सायरा ने बताया कि एक वर्ष बाद ही ससुराली उसे बांझ समझकर सताने लगे और उसे मायके पहुंचा दिया। मां फिरोजा बेगम ने राजकीय चिकित्सालय में इलाज कराया। इस दौरान ससुरालियों ने उसे नोटिस भिजवा दिया।
समझौते के बाद पति उसे घर ले गया। उसके बाद भी उसके रवैये में कोई बदलाव नहीं आया। दो बच्चे होने के बाद पति ने कई बार उसकी इच्छा के विपरीत गर्भपात कराया। उसका पति रिजवान हाईस्कूल फेल था। पुन: शादी के सवाल पर सायरा ने कहा कि वह अभी इसके लिए तैयार नही है। वह एमबीए कर रही है, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना उसकी प्राथमिकता है। तभी वह सामाजिक और धार्मिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर सकेगी।
तलाक अमान्य, पर पति के पास नहीं लौटेगी सायरा
सुप्रीम कोर्ट से तलाक अमान्य घोषित होने के बाद पति के घर लौट जाने के सवाल पर सायरा ने कहा कि रिजवान ने एक साल पहले इलाहाबाद दरियाबाग निवासी एक महिला से दूसरा विवाह कर लिया है। ऐसे में अब रिजवान के पास लौट जाने का कोई उनका कोई विचार नहीं है। उसकी लड़ाई उन महिलाओं के अधिकारों को लेकर होगी, जो समझौते के बाद अपने पतियों के पास लौट जाना चाहती है। हलाले की रूढ़िवादी परंपरा के चलते उनका घर नहीं बस पा रहा है।
सायरा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, आरक्षी तैनात
तीन तलाक को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाली सायरा बानो की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क है। उसकी सुरक्षा के लिए बगैर वर्दी के दो आरक्षी तैनात किए गए हैं। हालांकि शायरा ने सुरक्षा की मांग नहीं की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद काशीपुर पहुंची सायरा की सुरक्षा के लिए दो आरक्षी तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि तीन तलाक के विवाद को लेकर सायरा को कुछ लोगों से खतरा हो सकता है। सीओ राजेश भट्ट ने बताया यद्यपि सायरा ने सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग नही की है, लेकिन प्रकरण चर्चित होने के कारण एहतियात के तौर पर सुरक्षा कर्मी लगाए गए हैं।
हेमपुर डिपो में सायरा का अभिनंदन 25 को
याचिका कर्ता सायरा बानो बुधवार को दिन भर फोन रिसीव करने में व्यस्त रहीं। इस उपलब्धि के लिए सायरा को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पिता मोहम्मद इकबाल ने बताया कि आरटीसी हेमपुर डिपो में 25 अगस्त को सायरा के अभिनंदन का कार्यक्रम रखा गया है। इसके अलावा तमाम स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने सायरा के इस कदम की सराहना की है।
सायरा ने माना, उनकी स्क्रिप्ट फिल्मी
सायरा का कहना है कि विवाह के बाद से सुप्रीम कोर्ट के फैसले तक उसने पल-पल दंश झेला है। वह मानती हैं कि उनकी जीवन की कहानी व रूढ़िवाद के विरोध में उसका संघर्ष फिल्मकार को अच्छी स्क्रिप्ट दे सकता है। यदि उसकी रीयल लाइफ रील लाइफ का हिस्सा बनी तो इससे रूढ़िवाद और धार्मिक आडंबर के खिलाफ समाज जागरूक होगा।