रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में एक महिला ने पति पर 12 दिन की बच्ची को बेचने की कोशिश का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। कहा कि बेटियां होने पर उसका उत्पीड़न किया जाता है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। इसके बाद महिला मायके वालों के साथ बेटियों को लेकर चली गई।
मंगलवार की अपराह्न वार्ड नंबर पांच अरविंदनगर निवासी महिला ने हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि उसकी तीन बेटियां हैं और 12 दिन पहले बच्ची को जन्म दिया था। बेटियां होने की वजह से ससुराली परेशान करते हैं। अब चौथी बेटी होने पर उसका उत्पीड़न बढ़ गया है और पति उसके नए जन्मे बच्चे का सौदा करने की कोशिश कर रहा है। उसने अपने बरेली में रहने वाले मायके वालों को भी बुला लिया। मामला बढ़ने पर वहां लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। इसके बाद महिला व मायके वालों के साथ ही पति व ससुरालियों को बुलाया गया। महिला के पिता राजेंद्र ने कहा कि नई जन्मी पोती को वह बेचने नहीं देंगे। पुलिस ने बताया कि मामला बच्ची को गोद देने का है। जांच की जा रही है।