बाजपुर। केलाखेड़ा में हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे दस टायरा ट्रक से भिड़ गई। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां इलाज के दौरान की पिता सैयद अली मौत हो गई। बताते हैं कि पिता-पुत्र अपने एक रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे।
शनिवार शाम सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी सैयद अली (45) और उसका बेटा सुहैव (19) कार से केलाखेड़ा के पास गांव मसीत में अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। लौटते समय कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे दस टायरा ट्रक से भिड़ गई। हादसे में कार सवार सैयद अली और उसका बेटा सुहैव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। इस बीच एसआई आनंद लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को 108 से बाजपुर सीएचसी भेजा। इलाज के दौरान सैयद अली की मौत हो गई जबकि मृतक के बेटे सुहैव का इलाज चल रहा है। खबर मिलते ही सीएचसी पहुंचे परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले गए। बताते हैं कि सैयद अली सुल्तानपुर पट्टी में एक क्लीनिक चलाते थे।