शांतिपुरी के मृतक श्याम सिंह चौधरी का फाइल फोटो।
- फोटो : RUDRAPUR
शांतिपुरी (ऊधमसिंह नगर)। ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। वह एक निजी स्कूल में बस चालक था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया है।
मूल रूप से सहारनपुर (यूपी) निवासी श्याम सिंह चौधरी (53) यहां ग्राम आनंदपुर में परिवार के साथ किराए पर रहता था। वह जवाहरनगर में एक स्कूल की बस चलाता था। शुक्रवार की शाम श्याम सिंह बाइक से किच्छा से आनंदपुर लौट रहा था। आनंदपुर मोड़ पर हल्द्वानी से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिरे श्याम सिंह का सिर ट्रक के टायरों के नीचे आकर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृतक का बड़ा पुत्र आशीष चौधरी और छोटा पुत्र अभिलाष एक स्टोन क्रशर में काम करते हैं। उसकी एक पुुत्री की शादी हो चुकी है। मृतक की पत्नी का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। इधर, पुलभट्टा एसओ विनोद जोशी ने बताया कि चालक और ट्रक को किच्छा क्षेत्र से पकड़ लिया गया है।