खटीमा के नागरिक चिकित्सालय परिसर में पोस्टमार्टम हाउस में बैठे परिजन व ग्रामीण
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। वन आरक्षी भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की नानक सागर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना के समय दोनों युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि एक हेलमेट चकनाचूर हो गया था जबकि दूसरा छिटककर दूर जा गिरा था। दो युवकों की मौत से गांव मातम पसर गया।
रविवार को कुआखेड़ा निवासी योगेश सिंह राणा (28) पुत्र स्व. हरवंश सिंह राणा और पंकज सिंह राणा (31) पुत्र नरेश सिंह बाइक (यूके 06 एसी 6353) से वन आरक्षी भर्ती परीक्षा देने हल्द्वानी गए थे। परीक्षा के बाद देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे नानक सागर बाईपास के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची नानकमत्ता पुलिस पहुंची, जहां उन्होंने गंभीर रूप से घायल पंकज सिंह को आपातकालीन सेवा 108 से खटीमा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉ. केसी पंत ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में रेफर कर दिया लेकिन पंकज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना से दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।
घर का इकलौता इकलौता था पंकज
खटीमा। मृतक पंकज सिंह राणा अपने पीछे पत्नी मेनका और पांच वर्षीय पुत्र ग्रंथ सिंह राणा को बिलखता छोड़ गया। पंकज घर का इकलौता था। पंकज पूर्व में आपातकालीन सेवा 108 में पिथौरागढ़ में कार्य कर चुका है। वर्ष 2019 से पंकज ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल दियूरी गांगी में शिक्षक था। वहीं, मृतक योगेश सिंह राणा तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई विनोद सिंह राणा और दूसरे नंबर का भाई पवन सिंह राणा खेती करते हैं। योगेश अपने पीछे पत्नी ज्योति और चार वर्षीय पुत्री जयशिखा को बिलखता छोड़ गया है।
एक ही गांव के दो युवकों की मौत से गांव में मातम
खटीमा। कुआखेड़ा के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत से गांव में मातम पसर गया। दोनों परिवारों के परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रो कर बुरा हाल है। रविवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस में जुटे रहे।