सड़क पर टहल रही एक दस वर्षीय बालिका को दो बाइक सवार युवकों ने सरेआम अगवा कर लिया। बताया गया है कि बदनीयती के इरादे से दोनों युवक बालिका को एक कमरे में ले गए, लेकिन बालिका ने साहस दिखाते हुए युवक का हाथ दांतों से काटकर घर भाग आई। सूचना पर पुलिस ने अपहर्ताओं की तलाश की, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।
मामला गंगापुर रोड पर गन्ना भवन के पास का है। बताया गया है कि पास के ही एक मोहल्ले की पांच में पढ़ने वाली दस वर्षीय बालिका सुबह छह बजे सड़क पर टहल रही थी। तभी हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और उसका मुंह-आंखें बंद कर बदनीयती से एक कमरे में ले गए।
जैसे ही लड़की की मुंह आंख खोले गए तो उसने युवक का हाथ अपने दांतों से काट लिया और चिल्लाने लगी। इससे दोनों युवक घबरा गए और बालिका वहां से भागकर घर आ गई। बालिका की आपबीती सुनकर परिजनों ने मामले की जानकारी ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी युवकों को दबोचने के लिए दबिश दी, लेकिन तब तक युवक फरार हो चुके थे।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि पीड़ित लड़की के परिजनों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बताए गए एक कमरे पर दबिश भी दी, जहां एक महिला मिली जिसने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है। एसओ ने कहा फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।