शक्तिफार्म में कर्नल अजय कोठियाल को पेंटिंग भेंट करते युवा कार्यकर्ता।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज/शक्तिफार्म। आम आदमी पार्टी (आप) नेता कर्नल अजय कोठियाल ने नगर में आयोजित पार्टी के युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से अपील की है कि आप साथ आएंगे तो ही राज्य का नव निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद से अब तक सरकारों ने जज्बे से काम किया होता तो ये नौबत ही नहीं आती।
शनिवार को नगर के रामलीला सभागार में हुए कार्यक्रम में युवाओं ने कर्नल कोठियाल से रोजगार, शिक्षा, पलायन और स्वास्थ्य पर सवाल पूछे। कोठियाल ने युवाओं के सामने शिक्षा का दिल्ली मॉडल रखा। उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा, विकास और बुनियादी ढांचा एक दूसरे के पूरक हैं। वहां पर पार्टी के जोनल प्रभारी धर्मवीर अवाना, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली, वरिष्ठ नेता अजय जायसवाल, जिलाध्यक्ष जसपाल सिंह, विशन दत्त जोशी, मक्खन सिंह, सलविंदर सिंह, विनय कृष्ण मंडल आदि थे। इधर, शक्तिफार्म के टैगोरनगर एवं सुरेंद्रनगर के कई लोगों ने कर्नल कोठियाल के समक्ष पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने दावा किया कि आप बंगाली समुदाय के मूलभूत अधिकारों को दिलवाकर रहेगी। उद्योगों में स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार मिलने की गारंटी होगी। वहां धीमान सेन, राजा हालदार, मिथुन पहाड़, दिनेश मंडल, सुजीत मंडल आदि थे।