रुद्रपुर में शराब बिक्री को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया, जबकि स्थानीय लोगों ने रम्पुरा चौकी पहुंचकर पुलिस के खिलाफ जोरदार हंगामा किया।
रुद्रपुर के खेड़ा कॉलोनी (वार्ड 19) में सोमवार की देर रात शराब बिक्री को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया, जबकि स्थानीय लोगों ने रम्पुरा चौकी पहुंचकर पुलिस के खिलाफ जोरदार हंगामा किया।
विज्ञापन
घटना का शिकार कॉलोनी निवासी शांति का बेटा सोनू बताया जा रहा है। शांति ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पड़ोस में रेशमबाड़ी निवासी एक युवक लंबे समय से कच्ची शराब बेच रहा है। सोनू और कॉलोनी के अन्य युवाओं की ओर से इसकी शिकायत करने पर आरोपी उससे रंजिश पालने लगा। शांति के मुताबिक सोमवार रात जब आरोपी अपने साथियों के साथ उनके घर के पास फिर से शराब बेच रहा था तो सोनू ने विरोध जताया।
इसी दौरान आरोपी ने तमंचे से सोनू के दाएं कंधे में गोली दाग दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस घटना के विरोध में कालोनी के लोगों ने रम्पुरा चौकी पहुंचकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।