रुद्रपुर। पुलिस ने नशे के 39 इंजेक्शनों के साथ रंपुरा वार्ड 24 निवासी पवन कोली उर्फ दागिया को पकड़ लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया है।
रंपुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहरी ने कोतवाली में दर्ज कराए केस में कहा कि वह रविवार रात एसआई प्रियांशु जोशी, कांस्टेबल विजय पाल, महेश राम के साथ वाहन चेकिंग के लिए संतोषी माता मंदिर को जाने वाले कट पर पहुंचे। मंदिर की ओर से आने वाले मार्ग पर पवन उन्हें देखकर लंगड़ाते हुए कल्याणी पुल के नीचे भागने की कोशिश करने लगा। इस पर टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब में रखी प्लास्टिक की थैली में नशे के 39 इंजेक्शन बरामद हुए। चार महीने पहले हादसे में पैर चोटिल होने के कारण वह लंगड़ाकर चल रहा था। उसने बताया कि वह रामपुर से नशे में प्रयुक्त होने वाले इंजेक्शन खरीदकर यहां नशेड़ियों को बेचता था। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।