काशीपुर। बर्तन धोने के लिए हैंडपंप पर गई एक महिला की सोमवार देर शाम मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अल्ली खां मोहल्ला के हजरतनगर निवासी नसरीन (50) पत्नी बाबू हुसैन बीते सोमवार की शाम खाना पका कर बर्तन धोने के लिए घर में लगे हैंडपंप पर गईं। यहां अचानक वह गिर गईं। लोग आनन-फानन उनको एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण करके महिला को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। परिजनों व आसपास के लोगों ने कहा कि नल में करंट आने से महिला की जान गई है। उधर, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के मुताबिक महिला की मौत करंट लगने से नहीं बल्कि हार्टअटैक से हुई है। वहीं पति बाबू हुसैन ने बताया इससे पहले उसकी पत्नी को दो बार अटैक पड़ चुका था।
रिक्शा चलाता है पति
मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे नसरीन के पति बाबू हुसैन ने बताया कि वह रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया बीते सोमवार की देर शाम अचानक उसकी पत्नी जमीन पर गिर पड़ी और मौत हो गई। वह अपने पीछे तीन बेटे मुस्तफा (20), अनस (17) व नूर मोहम्मद (12) और बेटी शबेनूर (14) को रोता-बिलखता छोड़ गई।